शनिवार, 19 नवंबर 2022

अठखेलियाँ

दूर अभ्र तले 

एक चिराग रख आया 

हमारे नाम का 

तेरी आँखों की चमक चुरा कर 

कि उसकी दीप्ती 

हमारे जीवन को प्रकाशित रखे अनंत तक 

और तुम मस्ती में 

आंखे मटका, चिराग से खेले जा रहे हो। 


वो जो गेसुओं को बिखेर 

तुमने सूरज को धता बताया था 

मैं अपने नक्षर से पार पा 

तुम्हारे दीदार को तरसा था 

तुमने आंचल बिछा सांझ कर डाला था 

उस एक पल में 

और मैं बावरा बना 

तुम्हारे तिलस्म की गवाही दिए जा रहा था। 


तुम्हारी मुस्कान मोतियों सी फैल समुन्दर में 

एक चमक फैलाए थी, 

चमक जो फैल कर 

उलझन बढ़ाए थी 

तुमने अपनी मुस्कान हल्की कर 

ज्वार बढ़ाया था उस एक क्षण में 

और मैं अपने ज्वार समेटे था अंतर्मन में 

साहिल पे बैठ कर। 


तुम परी हो मेरे ख्वाबों की 

बेपंख परवाज़ भराती हो 

मेरी कल्पनाओं को,

कई गगन घूम आता हूँ 

तुम्हारे चेहरे को देख कर 

और तुम खिलखिला कर 

मुझे खींच लाती हो सततता में 

उस स्वप्निली जहाँ से। 


तेरी आँखों की चमक 

वो जुल्फों की खुशबू

वो आँचल जो तारों को सितारों सा समेटे है 

वो देवलोक सी पवित्र मुस्कान 

वो तेरे चेहरे पे फैली नीलाभ सी ख़ुशी 

खुद में भर इन्हे मैं 

ब्रह्मांड का बादशाह बना बैठा हूँ 

तुम अभी भी मंद - मंद मुस्काए जा रही हो ये देख कर। 


-अमितेश 

रविवार, 13 नवंबर 2022

आओ ना !

आओ ना !

कुछ वक़्त जाया करें एक दूजे संग 

क्या पता कब वक़्त हो जाये बेरंग। 


आओ ना !

हाथों में हाथ डाले कुछ राहें नापे 

एक दूजे की मुस्कान खुद में जमा करें 

वो तेरी बालियों को आँखों में भरें 

तुम मेरी बुराइयों को नज़रअंदाज करो 

हम तुम्हारी अच्छाइयाँ रख लें। 


आओ ना !

खो जाएं एक दूजे संग 

इन पहाड़ी झरनों, चस्मों में 

कि कुछ सदी ढूंढ ना पाए ये जहाँ हमें 

डूब अपनी प्यार की गहराइयों में 

आओ ना, कुछ और ऊँचाइयाँ गढ़ ले। 


आओ ना !

कुछ रीतियों के पार हो जाएं 

कुछ कृतियाँ हम गढ़ लें 

कुछ जमीं हम तलाशें 

कुछ आसमां हम अपनी फैलाएं 

आओ ना !


आओ ना !

कुछ खामोश आखों से बाते बुने 

कुछ अपने नए किस्से बना जाएं

कुछ और भी चर्चा में आ जाएं 

कुछ और हसीं तुम हो जाओ 

कुछ रूमानी से हम हो जाएं। 


आओ ना !

ये वक़्त हमें जो आज मिला 

इसको ना यूं  बरबाद करें 

होंगे कई शिकायतें, शिकवे भी 

उसको हम आज बिसार चले 

जाने क्या नियति में है लिखा 

उसके होने का ना इंतज़ार करे 

आँखों के खुले होने तक 

प्रीत का अपने इज़हार करें। 

आओ ना !


- अमितेश